Close

प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 25 मई 2026 NCord की जिला स्तरीय बैठक आयोजित, अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में Narco Coordination Centre (NCord) की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई|

Start : 25/05/2026 End : 31/05/2026

प्रेस विज्ञप्ति

अररिया, 25 मई 2026

NCord की जिला स्तरीय बैठक आयोजित, अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश

जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में Narco Coordination Centre (NCord) की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम, अवैध कारोबार पर नियंत्रण तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने औषधि निरीक्षक अररिया/फारबिसगंज को औषधि केंद्रों, थोक एवं खुदरा विक्रेताओं की नियमित जांच करने का निर्देश दिया। अधीक्षक मद्य निषेध अररिया को चिन्हित स्थानों पर एसएसबी के साथ समन्वय स्थापित कर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

एसएसबी बथनाहा एवं अररिया को निर्देशित किया गया कि अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान चलाते हुए गिरफ्तारी एवं जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही जिला आईबी पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर उसे संबंधित जांच एजेंसियों, एसएसबी, पुलिस एवं मद्य निषेध विभाग के साथ साझा करें।

बैठक में पंचायत स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाने को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से नशीले पदार्थों के विरुद्ध प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया।

जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि यदि किसी प्रकार के नशीले पदार्थ की खेती से संबंधित सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

इसके अलावा पुलिस विभाग को निर्देश दिया गया कि नशीले पदार्थों एवं ड्रग्स से जुड़े मामलों में गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध त्वरित अनुसंधान करते हुए समय पर माननीय न्यायालय में अंतिम आरोप पत्र समर्पित किया जाए, ताकि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

बैठक में अपर समाहर्ता अररिया, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, सशस्त्र सीमा बल एसएसबी 52वीं वाहिनी अररिया एवं 56वीं वाहिनी बथनाहा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला आईबी पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला औषधि निरीक्षक, विशेष शाखा पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मु०) उपस्थित थे।

Image