Close

प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 25 जुलाई 2026 100 दिनों में सेवा का संकल्प बना विकास की पहचान, नवाचारी अभियान और जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रही अररिया की तस्वीर: जिलाधिकारी

Start : 25/07/2026 End : 27/07/2026

Venue : DM Office, Araria

सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर बिहार सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय स्थित परमान सभागार, अररिया में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन, माननीय विधायक जोकीहाट श्री मोहम्मद मुर्शीद आलम, माननीय जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष श्री आशीष कुमार पटेल, श्री नारायण कुमार झा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री, बिहार का सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आगामी कार्य योजनाओं पर आधारित संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। साथ ही जिला स्तर पर तैयार “जांच एवं उपचार – चिकित्सा आपके द्वार” अभियान एवं भूमि के डिजिटाइजेशन कार्य का डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रस्तुत किया गया।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के समापन उपरांत जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नई सरकार द्वारा आमजनों के हित में संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अररिया जिला पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 100 दिनों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास, कृषि, रोजगार, खेल, पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं।

जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से जिले में चल रही नवाचारी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि “जांच एवं उपचार – चिकित्सा आपके द्वार” अभियान अररिया में एक नवाचारी पहल के रूप में सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों की रक्तचाप (बीपी), मधुमेह (शुगर), कैंसर, मोतियाबिंद एवं एनीमिया की स्क्रीनिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 5 लाख 47 हजार लोंगो का स्क्रीनिंग उपरांत अब तक 5,190 हाईपरटेंशन, 4,203 मधुमेह, 616 एनीमिया, 369 मोतियाबिंद, 10 मुंह के कैंसर, 10 स्तन कैंसर तथा 6 गर्भाशय कैंसर के मरीजों की पहचान कर उनका उपचार स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार प्रारंभ कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पिछले 100 दिनों इसके साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा 10,237 आयुष्मान भारत (PM-JAY एवं CM JAY) कार्ड तथा 528 आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाए गए हैं। इस प्रकार कुल 10,765 लाभार्थियों को योजना से जोड़ा गया है।

उन्होंने जिले में सरकारी भूमि के डिजिटाइजेशन कार्य को भी प्रशासन की एक महत्वपूर्ण नवाचारी पहल बताया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि नरपतगंज, फारबिसगंज, कर्सुाकांटा एवं सिकटी प्रखंडों में सरकारी भूमि के डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा इसे अन्य प्रखंडों में भी सुनिश्चित किया जा रहा है। वर्तमान में रानीगंज प्रखंड में यह कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल से भविष्य में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण एवं अन्य विवादों की रोकथाम तथा विभिन्न विकास योजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा विगत 100 दिनों की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए बताया कि शिक्षा विभाग के अंतर्गत जिले में 12 सरस्वती विद्यालय निकेतन (आदर्श विद्यालय) संचालित हैं, जिनमें 2,886 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। वहीं जिले के जोकीहाट, पलासी, भरगामा, सिकटी एवं नरपतगंज में नवस्थापित 5 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र भी प्रारंभ हो चुका है, जहां 512 छात्र-छात्राओं का नामांकन हुआ है। इससे जिले के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का अवसर उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा आगामी 30 दिनों में चिन्हित स्कूलों में एक-एक पदाधिकारियों के द्वारा अवलोकन कराए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि स्कूली शिक्षा को ओर बेहतर बनाया जा सका है।

विगत 100 दिनों में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना से 5,580, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना से 4, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से 262, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना से 207, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना से 700 तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना से 2 नए लाभुकों को आच्छादित किया गया है।

उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक 60 पंचायतों एवं नगर निकायों के 44 वार्डों में शिविर लगाए गए। सहयोग शिविर पोर्टल के माध्यम से अबतक 8,315 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें 7,356 शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया जा चुका है। पंचायत विकास दिवस के अंतर्गत जिले की सभी 211 पंचायतों में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिससे पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं जनभागीदारी सुनिश्चित हो रही है।

इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी ने बताया कि खेल विभाग के अंतर्गत जिले की सभी 211 पंचायतों में पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में अंडर-14, अंडर-16 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने खो-खो, 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, लंबी कूद एवं रस्साकशी सहित विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा आगे खेल को लेकर आगे दो-दो पंचायत, फिर दो-दो प्रखंड़ों का एक साथ प्रतियोगिता आयोजित कराने की योजना है।

उन्होंने कहा कि प्रगति यात्रा एवं समृद्धि यात्रा के अंतर्गत जिले में 620 व्यक्तियों की क्षमता वाले अटल कला भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जो भविष्य में सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि 06 प्रखंड कार्यालय भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। सैफगंज से सुकेला पथ और बैरगाछी से कुआड़ी सिकटी पथ का भी निर्माण कार्य प्रगति पर है। पर्यटन विभाग की ओर से प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सुंदरनाथ धाम के सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि कृषि विभाग के अंतर्गत 1,83,504 किसानों का किसान रजिस्ट्री कार्य पूर्ण किया जा चुका है। जिससें किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा। ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत पिछले 100 दिनों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 14,275 आवासों का निर्माण पूर्ण किया गया है। वहीं आईएचएचएल (IHHL) योजना के अंतर्गत 1,637 शौचालयों का निर्माण भी पूर्ण कराया गया है। उद्योग, निवेश एवं रोजगार के क्षेत्र में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 264, बिहार लघु उद्यमी योजना के तहत 6, पीएमईजीपी (PMEGP) के तहत 3, पीएमएफएमई (PMFME) के तहत 10, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 6 लाभुकों का चयन किया गया है। इस प्रकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कुल 294 लाभार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने का कार्य किया गया है।

इस क्रम में पूर्व में जिला गंगा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में बताया गया कि जिले की प्रमुख नदियों के संरक्षण, स्वच्छता की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नदियों के किनारों पर डॉल्फिन व्यू प्वाइंट एवं टूरिज्म स्पॉट जैसे स्थल विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में टूरिज्म स्पॉट को बढ़ावा देने के लिए मीरगंज एवं त्रिशूलिया घाट पर टूरिज्म स्पॉट निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। इसी सोच के साथ आप सभी के सहयोग से नवाचार, तकनीक एवं सुशासन के माध्यम से जिले के समग्र विकास की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। वहीं इस अवसर पर जिला एवं प्रखंड स्तर पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं उपस्थित माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा 14 लाभुकों के बीच बासगीत पर्चा का वितरण किया गया। साथ ही “जांच एवं उपचार – चिकित्सा आपके द्वार” अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने को लेकर जिलाधिकारी द्वारा श्री रविकांत कुमार, सीएचओ एवं श्रीमती रानी कुमारी, ए0एन0एन0 को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

मौके पर माननीय जनप्रतिनिध गण के साथ अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता जि0लो0शि0नि0 पदाधिकारी, अपर समाहर्ता अपादा प्रबंधन, उप विकास आयुक्त सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी गण उपस्थित थे।

1 2 3 4 5 6 7 8