Close

प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 24 जुलाई 2026 संकल्प, समर्पण’ के 100 दिन पूरे होने पर राज्य से लेकर जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक होगा कार्यक्रम, सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी ने दिए दिशा-निर्देश

Start : 24/07/2026 End : 31/07/2026

Venue : DM Office, Araria

सेवा, संकल्प, समर्पण के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर बिहार की नई सरकार के द्वारा आमजनों के हित में क्रियान्वित कार्यक्रमों एवं नीतियों के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु दिनांक-25 जुलाई, 2026 को राज्य स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन निर्धारित है। इस क्रम में जिला/प्रखंड/पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से जुड़े रहे।

बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा राज्य सरकार के कार्यक्रम का जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश दिया कि जिला मुख्यालय स्थित परमान सभागार सहित सभी प्रखंड सभागार एवं पंचायत स्तर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम स्थल पर टीवी स्क्रीन, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, फ्लेक्स-बैनर एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें।

जिला पदाधिकारी ने जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, जिला आईटी प्रबंधक को कार्यक्रम का लाइव स्ट्रीमिंग एवं विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने सभी बीडीओ एवं नगर कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के अवसर पर अपने-अपने क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, जीविका दीदियों, सामाजिक संगठनों, उद्यमियों एवं आम नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करें।

बैठक में कार्यक्रम के आयोजन, समन्वय, अतिथियों के स्वागत, विधि-व्यवस्था, तकनीकी व्यवस्थाओं एवं अन्य सभी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए।

बैठक अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन अररिया, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अररिया, जिला नजारत उप समाहर्ता अररिया, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी अररिया, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य प्रशाखा अररिया, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी अररिया, प्रबंधक जीविका अररिया, आईटी प्रबंधक अररिया एवं संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

1 2