Close

प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 22 जुलाई 2026 जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित, आधार सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने के दिए निर्देश

Start : 22/07/2026 End : 24/07/2026

Venue : DM Office, Araria

जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सभी सदस्यगण एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान जिले में आधार पंजीकरण एवं आधार अद्यतन कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने आधार सेवाओं की उपलब्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा के क्रम में जिन क्षेत्रों में आधार सेवाओं की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहाँ आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त आधार पंजीकरण केंद्र स्थापित करने, सभी आयु वर्ग के नागरिकों का समय पर बायोमेट्रिक अद्यतन सुनिश्चित करने, आधार सेवा केंद्रों के सुचारु संचालन, मोबाइल नंबर अद्यतन की प्रगति, आधार से संबंधित शिकायतों एवं धोखाधड़ी के मामलों के निष्पादन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं में आधार के प्रभावी उपयोग की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त राज्य सरकार के पोर्टल पर लंबित दस्तावेजों के सत्यापन एवं उनके निष्पादन की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आधार सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आधार से संबंधित शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण किया जाए तथा नागरिकों को सहज, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। साथ ही आधार से जुड़ी किसी भी प्रकार की अनियमितता या धोखाधड़ी के मामलों पर सतर्कता बरतते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

बैठक में उपस्थित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए राज्य सरकार एवं भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा आधार सेवाओं की पहुँच जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

1