प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 18 मई 2026 जनता दरबार में हुई 33 मामलों की सुनवाई, जिलाधिकारी ने शिकायतों के समयबद्ध एवं निष्पक्ष निष्पादन के दिए निर्देश |
Start : 18/05/2026 End : 31/05/2026
Venue : DM Office, Araria
प्रेस विज्ञप्ति
अररिया, 18 मई 2026
जनता दरबार में हुई 33 मामलों की सुनवाई, जिलाधिकारी ने शिकायतों के समयबद्ध एवं निष्पक्ष निष्पादन के दिए निर्देश
सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत संचालित राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “सबका सम्मान–जीवन आसान” के तहत सोमवार को जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर कुल 33 मामलों की सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को सभी शिकायतों एवं आवेदनों का त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए तथा जनता को अनावश्यक रूप से परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जनता दरबार में सुकुमारी देवी ने भरण-पोषण से संबंधित आवेदन दिया। जाबिर हुसैन ने फर्जी जाति प्रमाण-पत्र के आधार पर म्यूटेशन किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। मंजूर आलम ने निजी जमीन पर अवैध दखल-कब्जे से संबंधित मामला उठाया। मो. कलीमुद्दीन ने विवाह मंडप निर्माण से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। बैद्यनाथ मंडल ने जमाबंदी में सुधार कराने का अनुरोध किया। पप्पू ततमा ने बिजली चोरी की शिकायत की, जबकि डोमिन देवी ने विधवा पेंशन स्वीकृति से संबंधित आवेदन दिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की विधिसम्मत जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनता दरबार में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
