प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 16 मई 2026 संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारियों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा I
Start : 16/05/2026 End : 31/05/2026
प्रेस विज्ञप्ति
अररिया, 16 मई 2026
संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारियों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारी से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में वर्षा मापक यंत्रों की कार्यशीलता एवं वर्षापात आंकड़ों के नियमित प्रेषण, नावों की मरम्मत, पॉलिथीन शीट की उपलब्धता, महाजाल एवं लाइफ जैकेट की स्थिति, गोताखोरों का प्रशिक्षण, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, नाविकों के लंबित मजदूरी एवं भाड़ा भुगतान, खोज-बचाव एवं राहत दलों का गठन, शरण स्थलों की पहचान, तटबंधों की सुरक्षा, संचार योजना, इंडस्ट्रियल सायरन, जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन, बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची के अद्यतनीकरण, संभावित सुखाड़ की तैयारी तथा चापाकलों की मरम्मत की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले के सभी अंचलों में ORG, ARG एवं AWS वर्षा मापक यंत्र सुचारू रूप से कार्यरत हैं। जिले में कुल 211 नाव उपलब्ध हैं, जिनमें 163 नाव परिचालन योग्य हैं तथा 48 नावों की मरम्मत आवश्यक है। जिलाधिकारी ने सभी मरम्मत योग्य नावों को अविलंब दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि जिले में 05 महाजाल एवं 150 लाइफ जैकेट उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने अतिरिक्त 500 लाइफ जैकेट का भंडारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी अंचल अधिकारियों को सरकारी एवं निजी नावों का स्पष्ट एवं अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने निर्देश दिया गया।
कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) ने बताया कि चापाकल मरम्मत के लक्ष्य 1,144 के विरुद्ध 731 चापाकलों की मरम्मत पूर्ण कर ली गई है। जिलाधिकारी ने शेष चापाकलों की मरम्मत शीघ्र पूर्ण करने तथा शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जोकिहाट एवं भरगामा अंचल में खोज, बचाव एवं राहत दलों का गठन कर लिया गया है। शेष अंचलों को भी यथाशीघ्र ऐसे दल गठित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी अंचल अधिकारियों को गोताखोरों की सूची, प्रशिक्षित मोटरबोट चालकों की सूची तथा आपदा मित्रों की सूची अविलंब उपलब्ध कराने को कहा गया। सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, अररिया को जिले के सभी आपदा मित्रों के कार्यों की सूची तैयार कर सभी अंचल अधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जिले में कुल 328 बाढ़ राहत शिविर एवं 340 सामुदायिक रसोई केंद्र चिन्हित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने राहत शिविरों की सूची निर्धारित प्रपत्र में उपलब्ध कराने, आवश्यकतानुसार अतिरिक्त रसोई केंद्रों के लिए स्थान चिह्नित करने तथा विगत वर्षों में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सिविल सर्जन को मानव दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं अंचलाधिकारी को पशु दवा, पशु चारा एवं पशु शिविरों की स्थिति की अद्यतन जानकारी उपलब्ध रखने को कहा गया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी से संभावित सुखाड़ की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही धान के बिचड़े के वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था (ड्रेनेज सिस्टम) को दुरुस्त रखने तथा आवश्यकतानुसार पंपसेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) अररिया, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) अररिया, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अररिया, सभी अंचलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
