Close

प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 15 जून 2026 उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा को लेकर जिला स्तरीय परिषद की बैठक, जागरूकता एवं जांच अभियान चलाने का निर्देश |

Start : 16/06/2026 End : 30/06/2026

Venue : DM Office, Araria

प्रेस विज्ञप्ति

अररिया, 15 जून 2026

उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा को लेकर जिला स्तरीय परिषद की बैठक, जागरूकता एवं जांच अभियान चलाने का निर्देश

जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उपभोक्ता संरक्षण परिषद समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपभोक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक उपभोक्ता को गुणवत्तापूर्ण वस्तु एवं सेवाएं प्राप्त करने का अधिकार है। उपभोक्ताओं के साथ किसी प्रकार की धोखाधड़ी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

जिला पदाधिकारी ने विशेष टीम गठित कर दुकानों में मापतौल संबंधी जांच कराने का निर्देश दिया। जिला मापतौल पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि दुकानों में माप-तौल संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करावे। अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी को सभी नगर निकाय क्षेत्रों में उपभोक्ता संरक्षण एवं उपभोक्ता अधिकारों से संबंधित व्यापक जनजागरूकता का प्रचार प्रसार कराने का निर्देश दिया गया, ताकि आम नागरिक अपने अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक हो सकें।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी अररिया, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी अररिया, जिला मापतोल पदाधिकारी अररिया सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में उपभोक्ता हितों की रक्षा एवं पारदर्शी व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने पर बल दिया गया।

image image