प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 13 मई 2026 पंचायत सरकार भवन निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, सोलर लाइटों की होगी नियमित जांच जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवनों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
Start : 13/05/2026 End : 16/05/2026
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 94 पंचायत सरकार भवन निर्माण की प्रक्रिया में हैं, जबकि 54 पंचायत सरकार भवन वर्तमान में क्रियाशील हैं। 9 पंचायतों में सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं होने तथा 4 पंचायतों में भूमि विवाद के कारण निर्माण कार्य लंबित है।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन पंचायतों में सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय व्यक्तियों से समन्वय स्थापित कर भूमि दान के माध्यम से भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाए। इसके लिए सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में 30,980 सोलर लाइटों के लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 30,000 सोलर लाइटों का अधिष्ठापन किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने सभी बीपीआरओ को नियमित रूप से पंचायतों का भ्रमण कर सोलर लाइटों की कार्यशीलता की जांच करने तथा खराब पाए जाने पर तत्काल मरम्मत सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह कम-से-कम एक बार ग्राम सभा आयोजित कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अगले माह से बीपीआरओ की नियमित समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जिसमें पंचायतों के विकास सूचकांकों के आधार पर उनकी रैंकिंग की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी अररिया, संबंधित कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी उपस्थित थे।
