प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 13 जुलाई 2026 टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा, लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने का निर्देश
Start : 13/07/2026 End : 31/07/2026
Venue : DM Office, Araria
भारत सरकार एवं बिहार सरकार द्वारा संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चल रहे सक्रिय खोज अभियान (एक्टिव केस फाइंडिंग) की समीक्षा बैठक सोमवार को जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले में टीबी उन्मूलन से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान टीबी स्क्रीनिंग, एक्स-रे जांच, एनएएटी (NAAT) टेस्टिंग, डिफरेंशिएटेड टीबी केयर, TPT, निक्षय मित्र योजना तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) सहित अभियान के सभी प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों से प्रखंडवार प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाई जाए तथा स्क्रीनिंग, जांच एवं उपचार की प्रक्रिया में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि संभावित मरीजों की समय पर पहचान, गुणवत्तापूर्ण जांच, नियमित उपचार और मरीजों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करना सभी स्वास्थ्य अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में निक्षय मित्रों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने, टीबी मरीजों को समय पर DBT की राशि उपलब्ध कराने तथा उपचाररत मरीजों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जिले में टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जा सके। साथ ही बैठक में बारिश के मौसम को देखते हुए चिकनगुनिया एवं डेंगू की भी समीक्षा की गई।
बैठक में सिविल सर्जन अररिया, गैर संचारी रोग पदाधिकारी अररिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अररिया एवं सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे।
