प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 03 जून 2026 राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा एवं अवैध पार्किंग रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक।
Start : 03/06/2026 End : 30/06/2026
Venue : DM Office, Araria
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के पारित आदेशों एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित निर्देशों के आलोक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अनधिकृत ढाबों एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अररिया श्री जितेन्द्र कुमार भी उपस्थित थे।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस क्रम में राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी एवं व्यावसायिक वाहनों की अवैध पार्किंग रोकने हेतु विशेष अभियान चलाने, निर्धारित ट्रक ले-बाय (Truck Lay-by), पार्किंग बे (Parking Bay) एवं Wayside Amenities में ही वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
साथ ही सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध नियमित जांच एवं कार्रवाई की जाए। सड़क किनारे संचालित अवैध ढाबों, अस्थायी प्रतिष्ठानों एवं अतिक्रमण के कारण उत्पन्न यातायात जोखिम को समाप्त करने के लिए संयुक्त कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया। आईसीपी जोगबनी जाने वाले सड़क किनारे बड़ी की संख्या में ट्रक खड़ी रहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उक्त को लेकर भी जिलाधिकारी द्वारा कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित संवेदनशील स्थलों का चिन्हांकन कर दुर्घटना की संभावनाओं को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाने एवं संबंधित अंचलाधिकारी एवं संबंध पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण करने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा मानकों के अनुपालन एवं दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वित कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के लिए सभी विभाग समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में अपर समाहर्ता, अररिया, परियोजना निदेशक, एनएचएआई जोकीहाट, सहायक आयुक्त, सीमा शुल्क जोगबनी, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा अररिया, जोकीहाट, रानीगंज, फारबिसगंज, नरपतगंज एवं भरगामा के अंचलाधिकारी उपस्थित थे।
