प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 30 जुलाई 2026 सीमावर्ती क्षेत्रों में नशा तस्करी रोकने को प्रशासन सख्त, नशे के अवैध कारोबार पर होगी संयुक्त कार्रवाई : जिलाधिकारी
Start : 30/07/2026 End : 31/08/2026
Venue : DM Office, Araria
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक अररिया श्री जितेन्द्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में Narco Coordination Centre (NCORD) की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम, सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी, अवैध कारोबार के विरुद्ध समन्वित कार्रवाई तथा जनजागरूकता अभियान को और सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा जिला औषधि निरीक्षक को एसएसबी, पुलिस एवं मद्य निषेध विभाग से समन्वय स्थापित कर औषधि दुकानों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया।अधीक्षक मद्य निषेध को एसएसबी द्वारा चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने एसएसबी एवं पुलिस विभाग को सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सघन अभियान चलाने, गिरफ्तारी एवं जब्ती की कार्रवाई तेज करने तथा इस कारोबार से जुड़े मुख्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में कृषि से संबंधित किसी भी प्रकार के संदिग्ध अथवा अवैध भंडारण पर विशेष निगरानी रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर एसएसबी एवं पुलिस का सहयोग लें।
इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग, मद्य निषेध विभाग, एसएसबी, आईबी सहित सभी संबंधित एजेंसियों को नशा मुक्ति एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में समयबद्ध अनुसंधान कर न्यायालय में शीघ्र आरोप पत्र समर्पित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने तथा आमजन को मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव से अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, सतत निगरानी और जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। सीमावर्ती जिले होने के कारण सभी संबंधित एजेंसियां पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, समादेष्टा एसएसबी 52वीं एवं 56वीं वाहिनी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला आईबी पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला औषधि निरीक्षक, विशेष शाखा पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
