Close

प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 10 जुलाई 2026 प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के तहत आदर्श ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

Start : 10/07/2026 End : 31/07/2026

Venue : DM Office, Araria

प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY) के अंतर्गत संचालित आदर्श ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं ग्राम विकास योजनाओं (VDP) के गुणवत्तापूर्ण निर्माण को लेकर समाहरणालय स्थित परमान सभागार, अररिया में एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।

जिलाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन ने सभी प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए निर्देश दिया कि प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता के साथ प्राप्त करें, ताकि योजना के उद्देश्यों के अनुरूप चयनित गांवों का गुणवत्तापूर्ण सर्वेक्षण एवं ग्राम विकास योजना (VDP) का प्रभावी निर्माण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारियों का उपयोग करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्यों का निष्पादन किया जाए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित योजना है, जिसका उद्देश्य अनुसूचित जाति समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति देना है। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत चयनित गांवों का समग्र एवं एकीकृत विकास सुनिश्चित करते हुए सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी हैं।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि योजना के तीन प्रमुख घटक हैं— आदर्श ग्राम योजना, सहायता अनुदान एवं छात्रावास। आदर्श ग्राम योजना के तहत ऐसे गांवों का चयन किया गया है जहां अनुसूचित जाति की आबादी 500 या उससे अधिक हो अथवा गांव की कुल आबादी का कम-से-कम 40 प्रतिशत अनुसूचित जाति समुदाय से संबंधित हो।

कार्यशाला में योजना के अंतर्गत निर्धारित 10 प्रमुख विकास डोमेन— पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण सड़क एवं आवास, विद्युत एवं स्वच्छ ईंधन, कृषि पद्धतियां, वित्तीय समावेशन, डिजिटलीकरण तथा जीवन-यापन एवं कौशल विकास— पर विस्तार से चर्चा की गई। इन डोमेन के अंतर्गत निर्धारित 50 मॉनिटरेबल इंडिकेटर्स के आधार पर गांवों का सर्वेक्षण, आवश्यकताओं का आकलन तथा ग्राम विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में बताया गया कि चयनित गांवों में आवश्यकता आधारित सर्वेक्षण PM-AJAY एप के माध्यम से कराया जाएगा। सर्वे के आधार पर ग्राम स्तरीय एवं परिवार स्तरीय आंकड़ों का संकलन कर अंतरपूर्ति (Gap Filling) एवं विभिन्न योजनाओं के अभिसरण (Convergence) के माध्यम से ग्राम विकास योजना (VDP) तैयार की जाएगी। ग्राम सभा से अनुमोदन प्राप्त होने के उपरांत इसे जिला स्तरीय योजना मूल्यांकन एवं अभिसरण समिति की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।

प्रतिभागियों को प्रपत्र-I से VI तक की विस्तृत जानकारी देते हुए ग्राम स्तरीय आंकड़ों के संकलन, आधारभूत संरचना संबंधी आवश्यकताओं, परिवारवार सर्वेक्षण, कार्ययोजना तैयार करने, लाभार्थी उन्मुख योजनाओं, प्रगति प्रतिवेदन एवं निगरानी योग्य संकेतकों के संधारण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

कार्यशाला में बताया गया कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक नए चयनित ग्राम के लिए 21 लाख रुपये की राशि निर्धारित है। इसमें 20 लाख रुपये आधारभूत संरचना एवं अंतरपूर्ति कार्यों के लिए तथा 1 लाख रुपये प्रशासनिक व्यय, तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण एवं जन-जागरूकता गतिविधियों के लिए निर्धारित हैं।

प्रशिक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि अररिया जिले में 41 चयनित ग्रामों में सर्वेक्षण कर ग्राम विकास योजना (VDP) तैयार की जाएगी। कार्यशाला में जिला कल्याण पदाधिकारी, सिविल सर्जन अररिया, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, सहायक निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

1 2 3