Close

प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 01 जुलाई 2026, जिलाधिकारी के निर्देशन में एनआईसी रेंडमाइजेशन से निष्पक्ष एवं पारदर्शी स्थानांतरण, अररिया में पहली बार नई व्यवस्था लागू।

Start : 01/07/2026 End : 31/07/2026

Venue : DM Office, Araria

जिलाधिकारी के निर्देशन में एनआईसी रेंडमाइजेशन से निष्पक्ष एवं पारदर्शी स्थानांतरण, अररिया में पहली बार नई व्यवस्था लागू

जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन के दिशा-निर्देशन में जिले में पहली बार एनआईसी के रेंडमाइजेशन सॉफ्टवेयर के माध्यम से विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मियों का स्थानांतरण पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं जवाबदेह प्रणाली के तहत संपन्न कराया जा रहा है। बुधवार को भी जिला पदाधिकारी की प्रत्यक्ष उपस्थिति में संपूर्ण प्रक्रिया संपन्न हुई तथा इसकी वीडियोग्राफी कराकर पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया।

इसी क्रम में कार्यहित एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण से जिला पंचायत राज कार्यालय, अररिया के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में कार्यरत कुल 65 पंचायत सचिवों का एक प्रखंड से दूसरे प्रखंड में एनआईसी रेंडमाइजेशन सॉफ्टवेयर के माध्यम से स्थानांतरण किया गया।

इसी प्रकार विभिन्न अंचल कार्यालयों में पदस्थापित 108 राजस्व कर्मचारियों एवं 28 अमीनों का स्थानांतरण कर उनका नव पदस्थापन किया गया।

आत्मा (ATMA) कार्यालय, अररिया के अंतर्गत संविदा के आधार पर कार्यरत 1 प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, 13 सहायक तकनीकी प्रबंधक, 7 लेखापाल तथा 6 कार्यपालक सहायकों का भी एनआईसी रेंडमाइजेशन सॉफ्टवेयर के माध्यम से पारदर्शी ढंग से स्थानांतरण करते हुए विभिन्न प्रखंड कृषि कार्यालयों में अगले आदेश तक पदस्थापित किया गया।

प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड, पटना के पत्रांक-7522, दिनांक 08.06.2022 के आलोक में कार्यहित एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण से अधीक्षक मद्य निषेध कार्यालय, अररिया के अंतर्गत पदस्थापित/प्रतिनियुक्त 4 डाटा एंट्री ऑपरेटरों का भी विभिन्न कार्यालयों में स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया गया।

जिला अंतर्गत निबंधन कार्यालयों में पदस्थापित 28 डाटा एंट्री ऑपरेटर/कार्यपालक सहायकों का रेंडमाइजेशन के माध्यम से स्थानांतरण कर उन्हें नए कार्यालयों में पदस्थापित एवं प्रतिनियुक्त किया गया।

जिला निर्वाचन कार्यालय, अररिया के अंतर्गत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कार्यालय, वोटर हेल्पलाइन-1950 तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत 9 डाटा एंट्री ऑपरेटर/कार्यपालक सहायकों का भी एनआईसी रेंडमाइजेशन सॉफ्टवेयर के माध्यम से निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से स्थानांतरण किया गया।

इसके अतिरिक्त जिला अंतर्गत विभिन्न अंचलों में अलग-अलग आदेश जारी कर क्रमशः 08 एवं 18 डाटा एंट्री ऑपरेटरों का भी स्थानांतरण कर विभिन्न अंचलों में पदस्थापित किया गया।

कार्यहित एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण से जिला आपूर्ति कार्यालय से संबंधित 03 कार्यपालक सहायकों को अगले आदेश तक प्रखंड आपूर्ति कार्यालयों में पदस्थापित/प्रतिनियुक्त किया गया है।

समाहरणालय एवं समाहरणालय से संबद्ध कार्यालयों में कार्यरत 02 निम्नवर्गीय लिपिकों का स्थानांतरण करते हुए उन्हें विभिन्न बाल विकास परियोजना कार्यालयों में पदस्थापित किया गया है।

इसी प्रकार कार्यहित एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण से स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत भी व्यापक स्तर पर स्थानांतरण किया गया है। इसके तहत 05 काउंसलर, 07 एस0टी0एस0 (सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर), 04 कालाजार तकनीकी पर्यवेक्षक, 02 एफ0आर0यू0 लेखापाल, 07 प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक, 03 एस0 टी0 एल0 एस0, 06 पैरामेडिकल वर्कर, 08 प्रखंड अनुसरण एवं मूल्यांकन सहायक, 08 प्रखंड लेखापाल तथा 06 स्वास्थ्य प्रबंधकों का भी स्थानांतरण कर आवश्यकतानुसार विभिन्न संस्थानों एवं प्रखंडों में पदस्थापित किया गया है।

जिला प्रशासन का उद्देश्य स्थानांतरण प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं तकनीक आधारित बनाना है, ताकि किसी भी प्रकार की मानवीय हस्तक्षेप की संभावना समाप्त हो तथा प्रशासनिक कार्यों की दक्षता और जवाबदेही में वृद्धि हो।

सभी स्थानांतरित कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे 02 जुलाई 2026 के अपराह्न तक अपने नव पदस्थापित कार्यालय में अनिवार्य रूप से योगदान देना सुनिश्चित करें। निर्धारित तिथि तक योगदान नहीं देने की स्थिति में 03 जुलाई 2026 से उन्हें स्वतः विरमित माना जाएगा। साथ ही स्थानांतरित पंचायत कर्मियों को जुलाई 2026 माह के वेतन का भुगतान उनके नव पदस्थापित कार्यालय से किया जाएगा।

1 2