प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 07 जून 2026 माननीय प्रभारी मंत्री महोदय, अररिया ने मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना के तहत 6 लाभुकों को थ्री व्हीलर आइस बॉक्स सहित वाहन का किया वितरण।
Start : 07/06/2026 End : 30/06/2026
Venue : DM Office, Araria
डॉ. राम चंद्र प्रसाद, माननीय मंत्री, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार -सह- प्रभारी मंत्री, अररिया जिला द्वारा मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना अंतर्गत मत्स्य परिवहन वाहन योजना के तहत थ्री व्हीलर आइस बॉक्स सहित 6 वाहनों का वितरण करते हुए लाभुकों को वाहन की चाबी प्रदान की गई। साथ ही वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक अररिया श्री जितेन्द्र कुमार भी उपस्थित रहे।
लाभुकों को संबोधित करते हुए माननीय प्रभारी मंत्री महोदय ने कहा कि मुख्यमंत्री मछुआ कल्याण योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे मछुआरों एवं मत्स्य विक्रेताओं की आजीविका को नई मजबूती मिल रही है। इस योजना के माध्यम से जलाशयों एवं मत्स्य उत्पादन स्थलों से बाजार तक मछलियों का सुरक्षित, स्वच्छ एवं हाइजेनिक परिवहन सुनिश्चित हो रहा है। आइस बॉक्स युक्त वाहनों के उपयोग से मछलियों को अधिक समय तक ताजा एवं सुरक्षित रखा जा सकेगा, जिससे उनकी गुणवत्ता बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि रोजगार के उपयोगी साधन उपलब्ध होने से मत्स्य व्यवसाय का विस्तार होगा तथा लाभुकों की वार्षिक आय में भी वृद्धि होगी।
बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत एक वाहन की इकाई लागत 3.00 लाख रुपये निर्धारित है, जिस पर लाभुकों को 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। योजना का लाभ थोक एवं खुदरा स्तर पर मत्स्य बिक्री तथा वैडिंग कार्य से जुड़े मत्स्य विक्रेताओं एवं मछुआ समुदाय के पात्र लाभुकों को दिया जा रहा है।
विभागीय लक्ष्य अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अररिया जिले को प्रत्येक प्रखंड से एक लाभुक के चयन के आधार पर कुल 9 वाहनों का लक्ष्य प्राप्त हुआ। इस क्रम में माननीय मुख्यमंत्री, बिहार की समृद्धि यात्रा के अवसर पर पूर्व में 3 लाभुकों को मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा वाहन उपलब्ध कराया जा चुका है, जबकि शेष 6 लाभुकों को आज वाहन की चाबी सौंपी गई।
आज लाभान्वित होने वाले लाभुकों में— 1. भवेश मंडल, सिकटी, 2. मानकी देवी, कुर्साकांटा, 3. राज कुमार चौधरी, जोकीहाट 4. मुन्नी देवी, भरगामा, 5. गुरुदेव सिंह, फॉरबिसगंज एवं 6. जुलकर नैन, पलासी शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि यह योजना मत्स्य व्यवसाय को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने के साथ-साथ के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
