प्रेस विज्ञप्ति :- अररिया, 13 मई 2026 सदर अस्पताल में सुविधाओं का होगा विस्तार, जिलाधिकारी की पहल पर सदर अस्पताल में एलईडी डिस्प्ले, कूलर युक्त आरओ लगाने सहित कई प्रस्ताव स्वीकृत |
Start : 13/05/2026 End : 16/05/2026
प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 13 मई 2026 सदर अस्पताल में सुविधाओं का होगा विस्तार, जिलाधिकारी की पहल पर सदर अस्पताल में एलईडी डिस्प्ले, कूलर युक्त आरओ लगाने सहित कई प्रस्ताव स्वीकृत जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में सदर अस्पताल अररिया के सभागार में रोगी कल्याण समिति शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रस्तावों को मंजूरी देना रहा। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सदर अस्पताल में संचालित विभिन्न चिकित्सा सेवाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने प्रसव, एस०एन०सी०यू०, एन०आर०सी० ओ०पी०डी०, ई०सी०जी०. आपातकालीन, आई०ओ०टी०, एल०एस०सी०एस०, पिकू, फिजियों थैरेपी सेवाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही सपोर्ट सर्विसेज के तहत एक्स-रे, सी०टी० स्केन, लैब, अल्ट्रा साउण्ड, ई०सी०जी०, ऑक्सीजन की उपलब्धता एवं कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। बैठक में रोगी कल्याण समिति के विभिन्न एजेंडों पर विचार-विमर्श के बाद कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इनमें ममता कर्मियों की नियुक्ति, अस्पताल परिसर में जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए पंप सेट की खरीद, मुख्य द्वार पर एलईडी डिस्प्ले बोर्ड की स्थापना, अररिया सदर अस्पताल के मॉडल अस्पताल, पीकू वार्ड और एन०आर०सी० के सौंदर्यीकरण हेतु पर्दे लगाने तथा मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए कूलर युक्त आर०ओ० मशीन स्थापित करने के प्रस्ताव शामिल हैं। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत योजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छ, आधुनिक और मरीजों के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही जिला पदाधिकारी ने “चिकित्सा आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत मोतियाबिंद ऑपरेशन की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क नेत्र उपचार का लाभ मिल सके।

