बंद करे

प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 30 जुलाई 2026 जिलाधिकारी ने की राजस्व माहअभियान के कार्यों की समीक्षा, भू-विवादों के स्थायी समाधान के निर्देश

प्रारंभ : 30/07/2026 समाप्ति : 31/08/2026

स्थान : DM Office, Araria

जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में राजस्व महाअभियान एवं भू-विवाद से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भू-विवाद के समाधान से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, स्थायी एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम नागरिकों को त्वरित न्याय एवं अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।

जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को लोक भूमि से अतिक्रमण यथाशीघ्र हटाने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा भूमि अधियाचन से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा राजस्व न्यायालयों से संबंधित एलसीआर (Land Case Record) को बिना विलंब संबंधित न्यायालयों में भेजने का भी निर्देश दिया।

बैठक के दौरान परिमार्जन प्लस एवं म्यूटेशन के तहत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की प्रखंडवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यों में अपेक्षित गति लाने तथा सभी लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

शनिवारीय जनता दरबार में प्राप्त होने वाले राजस्व एवं भू-विवाद संबंधी मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अंचल अधिकारियों द्वारा निष्पादित मामलों की नियमित निगरानी करें तथा गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में आने वाले मामलों का समाधान केवल औपचारिकता न होकर नागरिकों को वास्तविक राहत प्रदान करने वाला होना चाहिए।

बैठक के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को लोहारा/लोहार जाति से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया, ताकि आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को राजस्व प्रशासन से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता बनाए रखते हुए सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व), अररिया, भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) अररिया एवं फारबिसगंज, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी तथा सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

1 2 3 4 5