प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 20 जुलाई 2026 जनता दरबार में 32 मामलों की सुनवाई, जिलाधिकारी ने शिकायतों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
प्रारंभ : 20/07/2026 समाप्ति : 31/07/2026
स्थान : DM Office, Araria
बिहार सरकार के सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। इस दौरान कुल 32 मामलों की सुनवाई की गई।
जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक मामले का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में मोइनुद्दीन ने जमीन की रसीद नहीं कटने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं सुरेश कामत ने ऑनलाइन परिमार्जन नहीं होने से संबंधित आवेदन दिया। मोहम्मद लाल ने केवाला की भूमि से बेदखल किए जाने की शिकायत की, जबकि प्रेमलाल मंडल ने अपनी खतियानी जमीन पर अवैध रूप से बासगीत पर्चा निर्गत किए जाने का मामला जिलाधिकारी के समक्ष रखा।
इसके अलावा सूरज कुमार ने रामघाट-कोशकापुर में सड़क निर्माण कराने की मांग की। कुमारी खुशबू ने आशा कार्यकर्ता के चयन की, जबकि पूजा कुमारी ने आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका के गलत चयन का मामला उठाया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदकों के शिकायतों का समाधान सुनिश्चित के निर्देश दिए।
