प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 18 जून 2026 जिलाधिकारी ने संभावित बाढ़ से निपटने हेतु संवेदनशील नदी तटबंधों का किया निरीक्षण।
प्रारंभ : 18/06/2026 समाप्ति : 19/06/2026
स्थान : DM Office, Araria
संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने तथा बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से जिलाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन द्वारा जिले के विभिन्न संवेदनशील नदी तटबंधों एवं धारों का स्थल निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत कजराधार (भंगही पंचायत) एवं सुरसर धार (पथराहा पंचायत) का निरीक्षण किया। वहीं फारबिसगंज प्रखंड में पीपरा धार का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तटबंधों की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की क्षति या कटाव की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने तटबंधों के संवेदनशील स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग, आवश्यक मरम्मत कार्यों की समयबद्ध पूर्णता तथा आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही संभावित प्रभावित क्षेत्रों में पूर्व से ही आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने तथा स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है तथा सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहकर कार्य करने का निर्देश दिया।
मौके पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन अररिया, अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता फ्लड डिवीजन, प्रखंड विकास पदाधिकारी फारबिसगंज, अंचलाधिकारी नरपतगंज एवं फारबिसगंज उपस्थित थे।

