प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 10 जुलाई 2026 जनता दरबार में 96 मामलों की सुनवाई, जिलाधिकारी ने शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश
प्रारंभ : 10/07/2026 समाप्ति : 13/07/2026
स्थान : DM Office, Araria
बिहार सरकार के सात निश्चय-3.0 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। इस दौरान कुल 96 मामलों की सुनवाई की गई।
जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जनता दरबार में सुशीला देवी ने वंशावली निर्माण से संबंधित आवेदन दिया। रविकांत शाह एवं अन्य ने आवासीय भूमि को कृषि भूमि दर्शाए जाने पर आपत्ति दर्ज कराते हुए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया। शीला देवी ने पारिवारिक पेंशन स्वीकृत कराने हेतु आवेदन दिया।
अरुण कुमार यादव ने जयप्रकाश नगर में सड़क निर्माण की जा रही अनियमित्ता के संबंध में शिकायत की। अर्जुन चौधरी ने अपनी निजी भूमि पर जबरन पक्की सड़क निर्माण कराए जाने की शिकायत की।
मोहम्मद गुलाम मुफ्ती ने सिकटी प्रखंड के पड़रिया गांव में विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित कराने का अनुरोध किया। रेखा देवी ने फुलकाहा थाना कांड के अभियुक्तों द्वारा पुनः आपराधिक गतिविधियां किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। बेबी मुर्शीदा खातून ने दाखिल-खारिज से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया, जबकि सदानंद शाह एवं अन्य ने बासगीत पर्चा की भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत जिला पदाधिकारी के समक्ष रखी।
सभी मामलों पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने तथा प्रत्येक मामले का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
