प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 07 अगस्त 2026 जिलाधिकारी ने की पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा, पूर्व के स्वीकृति प्राप्त 31 आवेदकों के घर तीन दिनों के भीतर सोलर पैनल अधिष्ठापन के दिए निर्देश
प्रारंभ : 07/08/2026 समाप्ति : 31/08/2026
स्थान : DM Office, Araria
प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, लंबित ऋण आवेदनों के निष्पादन तथा स्वीकृत लाभुकों के यहां सोलर पैनल अधिष्ठापन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के तहत वर्तमान में 50 स्वीकृत आवेदनों का लोन का डिसबर्समेंट लंबित है, जिसे जिला पदाधिकारी ने अविलंब निर्गत करने हेतु निर्देशित किया गया। जिससे कि वेंडर द्वारा संबंधित उपभोक्ताओं के छत पर सोलर पैनल अधिष्ठापन का कार्य शुरू किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि पूर्व में ऋण स्वीकृति के उपरांत राशि प्राप्त कर चुके 31 उपभोक्ताओं के घरों पर वेंडरों द्वारा तीन दिनों के भीतर सोलर पैनल का अधिष्ठापन हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि लाभुक शीघ्र योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत लंबित 224 ऋण आवेदनों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी बैंक समन्वयकों एवं शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि योजना के तहत 02 लाख रुपये तक के ऋण के लिए केवल बैंक खाते का विवरण, नवीनतम बिजली बिल तथा भूमि स्वामित्व से संबंधित आवश्यक दस्तावेज ही अपेक्षित हैं। बैठक में योजना की वित्तीय सहायता संबंधी जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाने में लगभग 70 हजार रुपये प्रति किलोवाट का खर्च आता है। इस पर सरकार द्वारा एक किलोवाट क्षमता के लिए 30 हजार रुपये, दो किलोवाट के लिए 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर पैनल पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है। इसके अतिरिक्त सोलर पैनल अधिष्ठापन के लिए बैंकों द्वारा छह प्रतिशत से कम ब्याज दर पर ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) श्री इंदु शेखर, विद्युत कार्यपालक अभियंता श्री गौरव कुमार एवं श्री राजेश प्रियदर्शी, सभी सहायक अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित थे।
