प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 05 अगस्त 2026 सहयोग शिविर में आमजनों की समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
प्रारंभ : 05/08/2026 समाप्ति : 05/08/2026
स्थान : मिडिल स्कूल जयप्रकाश नगर एवं हाई स्कूल अररिया
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन के दिशा-निर्देश में जन शिकायतों के सरल, सुलभ एवं प्रभावी निवारण के उद्देश्य से जिले की चिन्हित पंचायतों तथा सभी नगर परिषद/नगर पंचायतों के चिन्हित वार्डों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनके समाधान की दिशा में मौके पर आवश्यक कार्रवाई की गई।
इस क्रम में जिलाधिकारी द्वारा नगर परिषद अररिया क्षेत्र अंतर्गत मिडिल स्कूल, जयप्रकाश नगर, वार्ड संख्या-07 तथा हाई स्कूल अररिया, वार्ड संख्या-23 में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सहयोग शिविर के सफल संचालन एवं आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वरीय पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों ने शिविर में उपस्थित रहकर लोगों की शिकायतों की सुनवाई की तथा संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों के माध्यम से मामलों के त्वरित निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।
विदित हो कि आमजनों को स्थानीय स्तर पर ही अपनी समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहयोग शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाता है। यदि उक्त दिवस को सार्वजनिक अवकाश रहता है, तो अगले कार्य दिवस पर शिविर का आयोजन किया जाता है।
शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का सहयोग पोर्टल पर पंजीकरण किया गया, जिससे शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होने के साथ-साथ मामलों की प्रगति की निगरानी और त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।
इसके अलावा शिविर में उपस्थित आम नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। अधिकारियों द्वारा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया एवं आवश्यक प्रावधानों से अवगत कराया गया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
