प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 13 जुलाई 2026 जनता दरबार में 56 मामलों की सुनवाई, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
प्रारंभ : 13/07/2026 समाप्ति : 31/07/2026
स्थान : DM Office, Araria
बिहार सरकार के सात निश्चय-3.0 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत सोमवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान कुल 56 मामलों की सुनवाई की गई।
जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जनता दरबार में विभिन्न प्रकार के मामलों पर सुनवाई हुई।
फारबिसगंज के आलम टोला निवासी मोहम्मद फारूक ने गलत खतियान की जांच कर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का अनुरोध किया। रानीगंज प्रखंड के बोसी निवासी मानिकचंद मंडल ने निजी भूमि से बेदखल किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। पलासी निवासी सोनी कुमारी ने पति की मृत्यु के उपरांत अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति प्रदान किए जाने का आवेदन दिया।
इसी प्रकार, आलम टोला वार्ड संख्या-22 ,अररिया निवासी इकराम अंसारी ने जबरन भूमि से बेदखल किए जाने की शिकायत की। मनोज कुमार ने दाखिल-खारिज मामले में आपत्ति के बावजूद गलत प्रतिवेदन दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई। बोसी, रानीगंज निवासी देवन ठाकुर ने दाखिल-खारिज लंबित रहने के संबंध में आवेदन दिया। वहीं, नरपतगंज प्रखंड के तामगंज निवासी कुलदेव ऋषि देव ने पूर्व में निर्गत बंदोबस्ती पर्चा में नाम शुद्धीकरण कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को सभी मामलों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आवेदकों को समय पर न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
