बंद करे

प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 18 जून 2026, जिलाधिकारी ने नीरपुर दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों का किया शुभारंभ, किसानों को मिलेगा संगठित विपणन का लाभ।

प्रारंभ : 18/06/2026 समाप्ति : 19/06/2026

स्थान : DM Office, Araria

जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने तथा पशुपालकों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी अररिया विनोद दूहन ने नीरपुर दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही कुर्साकांटा प्रखंड के कुआड़ी दुग्ध उत्पादक सहयोग केंद्र तथा सिकटी प्रखंड के मजरख दुग्ध उत्पादक सहयोग केंद्र का भी शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा पशुपालकों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सहकारिता आधारित इस व्यवस्था से किसानों को दूध के संग्रहण, विपणन एवं भुगतान की पारदर्शी प्रणाली का लाभ मिलेगा।

नीरपुर दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति के शुभारंभ के प्रथम दिन ही 60 लीटर दूध का संग्रहण किया गया। संग्रहित दूध का भुगतान संबंधित किसानों के बैंक खातों में सीधे कर दिया गया, जिससे भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित हुई।

जिला पदाधिकारी ने उपस्थित किसानों एवं पशुपालकों को अधिक से अधिक संख्या में समिति से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे उन्हें नियमित आय के साथ-साथ डेयरी विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्राप्त होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुग्ध उत्पादक समितियों के सुचारु संचालन एवं किसानों को आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम के दौरान दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले किसानों एवं समिति से जुड़े सक्रिय सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। जिला पदाधिकारी ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास जिले में डेयरी विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज एवं संबंधित विभागों के अधिकारी, दुग्ध संघ के प्रतिनिधि, समिति के पदाधिकारी, पशुपालक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

1 2 3 4 5