बंद करे

प्रेस विज्ञप्ति अररिया, 14 जून 2026 केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न, जिलाधिकारी ने कई परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा।

प्रारंभ : 14/06/2026 समाप्ति : 14/06/2026

स्थान : DM Office, Araria

केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा विभिन्न विज्ञापनों के अंतर्गत रविवार (14.06.2026) को आयोजित लिखित परीक्षा-2026 जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई थी।

जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली में कुल 7320 परीक्षार्थियों में से 2460 उपस्थित हुए, जबकि 4860 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 7320 में से 2552 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 4768 अनुपस्थित पाए गए।

परीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक अररिया श्री जितेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय स्थित प्लस टू हाई स्कूल अररिया, प्लस टू गर्ल्स हाई स्कूल अररिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा संबंधित केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा को पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सभी केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दण्डाधिकारी, जोनल दण्डाधिकारी, उड़नदस्ता दल, पुलिस पदाधिकारी एवं परीक्षा कार्य से जुड़े अन्य अधिकारियों ने सक्रिय रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

वहीं जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का भी निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का भी जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि अररिया जिला आने-जाने का प्रमुख साधन रेल मार्ग है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के आगमन तथा परीक्षा समाप्ति के बाद एक ही समय में बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के रेलवे स्टेशनों पर एकत्र होने की संभावना को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है।

इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को रेलवे स्टेशनों पर यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को प्रभावी ढंग से संचालित करने, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन द्वारा अररिया कोर्ट रेलवे स्टेशन एवं अररिया आरएस रेलवे स्टेशन पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सके।

विदित हो कि सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा की अगली निर्धारित तिथि 17 जून 2026 है। उस दिन भी परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 3:00 बजे से 5:00 बजे तक होगी।

5 4 3 2 1